सरायकेला: संजय सेठ के हस्तक्षेप के बाद TMH ने 1 लाख रुपये का बिल किया माफ, आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार को मिली राहत

Saraikela: नीमडीह प्रखंड के एक शोकाकुल परिवार को TMH के 1 लाख रुपये के बिल में छूट मिलने से बड़ी राहत मिली...

TMH

Saraikela: नीमडीह प्रखंड के एक शोकाकुल परिवार को TMH के 1 लाख रुपये के बिल में छूट मिलने से बड़ी राहत मिली है. ईचागढ़ के जननेता हरेलाल महतो की पहल और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल प्रबंधन ने यह छूट दी. यह मामला नीमडीह प्रखंड के टेंगाडीह पंचायत अंतर्गत मातकमडीह गांव का है. यहां के निवासी और आजसू पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता मिथुन पाण्डेय के पिता भैरव पाण्डेय का बुधवार को टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर में इलाज के दौरान निधन हो गया. वे लंबे समय से वहां भर्ती थे.

आर्थिक तंगी के कारण बिल जमा करने में असमर्थ था परिवार 

परिजनों के अनुसार अस्पताल का कुल बिल 2 लाख 57 हजार 437 रुपये बना था. परिवार ने किसी तरह 94 हजार 500 रुपये जमा किए, लेकिन बाकी राशि का भुगतान कर पाना आर्थिक तंगी के कारण संभव नहीं था. इसके बाद मिथुन पाण्डेय ने ईचागढ़ विधानसभा के जननेता और आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो से मदद मांगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए हरेलाल महतो ने तुरंत भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ से फोन पर बात की और पूरे मामले से अवगत कराया.

निःशुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव को पैतृक गांव पहुंचाया गया 

मंत्री संजय सेठ के त्वरित हस्तक्षेप के बाद TMH प्रबंधन ने बिल में 1 लाख रुपये की छूट दे दी. इससे शोकाकुल परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली. बिल की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अस्पताल ने भैरव पाण्डेय का शव परिजनों को सौंपा. इसके बाद हरेलाल महतो ने अपनी संस्था ‘जन सेवा ही लक्ष्य’ के तहत निःशुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव को पैतृक गांव मातकमडीह पहुंचवाया.

हरेलाल महतो ने मंत्री संजय सेठ का आभार जताते हुए कहा, “संकट की घड़ी में जरूरतमंद की मदद करना ही जनप्रतिनिधियों का सबसे बड़ा दायित्व है.” वहीं परिजनों ने भी इस मानवीय सहयोग के लिए हरेलाल महतो और संजय सेठ का धन्यवाद किया.

यह भी पढ़ें: JPSC की मुख्य परीक्षा सहित नौ परीक्षाएं हुई स्थगित, जानिए कौन-कौन सी परीक्षा हुई है स्थगित 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *