चतरा में सनसनी: SP आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, सिक्युरिटी गार्ड को मारी गोली, मौत

Chatra: जिला मुख्यालय में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एसपी कार्यालय एवं आवास के ठीक सामने दिनदहाड़े एक निजी...

Chatra: जिला मुख्यालय में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एसपी कार्यालय एवं आवास के ठीक सामने दिनदहाड़े एक निजी बॉडीगार्ड ने अपने ही साथी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया. मृतक की पहचान बिहार के बक्सर निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार आरोपी बलवीर सिंह, जो बिहार का ही रहने वाला है, बताया गया है. दोनों बिहार के बेलागंज की विधायक मनोरमा यादव के पुत्र एवं ठेकेदार रॉकी यादव उर्फ विनीत यादव के निजी बॉडीगार्ड थे.

SP से मिलने आए थे ठेकेदार

जानकारी के अनुसार, चतरा बाईपास निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार रॉकी यादव सोमवार दोपहर किसी कार्य से पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके आवास पहुंचे थे. इस दौरान उनके दोनों निजी बॉडीगार्ड अतुल कुमार और बलवीर सिंह बाहर वाहन में बैठे हुए थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी बलवीर सिंह ने अपना हथियार निकालकर अतुल कुमार के सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही अतुल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.

गोली चलने से मची अफरा-तफरी

एसपी आवास के सामने गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. पुलिस ने तत्काल आरोपी बलवीर सिंह को हथियार सहित हिरासत में ले लिया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

बाईपास निर्माण से जुड़ा मामला

बताया जा रहा है कि ठेकेदार रॉकी यादव की निर्माण कंपनी रमिया कंस्ट्रक्शन चतरा बाईपास निर्माण कार्य कर रही है. इसी कार्य के सिलसिले में वह पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे थे. इसी दौरान उनके दोनों निजी सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद हो गया, जो खूनी वारदात में बदल गया.

पुलिस कर रही जांच

पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुट गई है. प्रारंभिक जानकारी में दोनों बॉडीगार्ड के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. आरोपी से पूछताछ जारी है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है.

शहर में फैली सनसनी

एसपी कार्यालय और आवास जैसे अतिसुरक्षित इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे शहर में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी चर्चा रही.

Also Read: चतरा: SBI में संदिग्ध व्यक्ति से मचा हड़कंप, पुलिस के हत्थे चढ़ा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *