Hazaribagh: लेबर कोड, जेबीसीसीआई और बोनस जैसे मुद्दों को लेकर कोयला क्षेत्र में फिलहाल ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है. हालांकि, दुर्गापूजा के मद्देनजर कोयला कर्मियों की सबसे अधिक नजर बोनस वार्ता पर है. अंदरखाने से मिल रहे संकेतों के अनुसार बेहतर औद्योगिक संबंध कायम रखने के लिए कोल इंडिया प्रबंधन ट्रेड यूनियनों के साथ कुछ मामलों में लचीला रुख अपना सकता है. वहीं जेबीसीसीआई को लेकर फिलहाल प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया गया है.

दो सितंबर की बैठक में बोनस पर मिल सकता है संकेत
कोल इंडिया ने दो सितंबर को चार सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के नेताओं को विभिन्न मुद्दों पर अनौपचारिक चर्चा के लिए आमंत्रित किया है. यूनियन सूत्रों के अनुसार इस बैठक में बोनस वार्ता की संभावित तिथि को लेकर प्रबंधन की ओर से कोई संकेत मिल सकता है.
सकारात्मक रुख नहीं तो आंदोलन की घोषणा संभव
ट्रेड यूनियन सूत्रों के अनुसार यदि दो सितंबर की बैठक में कोल इंडिया प्रबंधन का रुख सकारात्मक नहीं रहा तो 12 सितंबर को रांची में होने वाले कन्वेंशन में आंदोलन की घोषणा की जा सकती है. एटक के वरिष्ठ नेता लखन लाल महतो ने कहा कि 27 अगस्त को चारों सेंट्रल ट्रेड यूनियनों के फेडरेशन की वर्चुअल बैठक होगी. दो सितंबर को कोल इंडिया प्रबंधन के साथ होने वाली बैठक में जेबीसीसीआई, बोनस और कन्वेंशन समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा कि मजदूरों के हित में आगे की रणनीति भी तय की जाएगी.
Read Also: श्रावण में ही क्यों बांधी जाती है राखी? जानिए इसका महत्व
अक्टूबर के पहले सप्ताह में हो सकती है बोनस वार्ता
दुर्गापूजा में अभी एक महीने से अधिक का समय है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि बोनस को लेकर कोल इंडिया प्रबंधन और ट्रेड यूनियनों के बीच अक्टूबर के पहले सप्ताह में वार्ता हो सकती है. दुर्गापूजा बोनस कोयला कर्मियों के लिए हर साल सबसे बड़े आकर्षणों में रहता है. पिछले वर्ष कोयला कर्मियों को 1.03 लाख रुपये बोनस मिला था. हर वर्ष बोनस राशि में बढ़ोतरी का ट्रेंड रहा है. ऐसे में इस बार भी कर्मियों की नजर बोनस की संभावित राशि और वार्ता की तारीख पर टिकी है.
जेबीसीसीआई पर अभी संशय बरकरार
जेबीसीसीआई को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है. ट्रेड यूनियन सूत्रों का कहना है कि प्रबंधन इस मुद्दे पर अभी खुलकर कुछ बोलने को तैयार नहीं है. ऐसे में दो सितंबर की बैठक और 12 सितंबर के कन्वेंशन को जेबीसीसीआई के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

