Hazaribagh: इचाक थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव से एक महिला अपने तीन वर्षीय पुत्र के साथ रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है. 30 मई को ससुराल से निकली महिला का दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चल सका है. परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं, जबकि पुलिस भी मामले की जांच कर रही है. जानकारी के अनुसार चंदवारा निवासी नितेश कुमार यादव की पत्नी सोनी देवी (22 वर्ष) 30 मई को अपने तीन वर्षीय पुत्र आरव राज को साथ लेकर अपनी बीमार मां को देखने मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी. परिजनों को उम्मीद थी कि वह जल्द लौट आएगी, लेकिन उसके बाद से न तो वह घर पहुंची और न ही परिवार से कोई संपर्क किया.
घर से निकलते ही बंद हो गया मोबाइल
पति नितेश कुमार यादव ने बताया कि घर से निकलने के बाद से ही सोनी का मोबाइल फोन बंद है. परिवार ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित सभी स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. नितेश का कहना है कि पिछले कुछ समय से पत्नी का व्यवहार बदला-बदला लग रहा था. वह उससे कम बातचीत करती थी और अधिकांश समय मोबाइल पर किसी से बात करने में व्यस्त रहती थी. इससे परिवार को पहले से ही कुछ आशंका थी. थक-हारकर पत्नी और पुत्र का कोई सुराग नहीं मिलने पर नितेश कुमार यादव ने इचाक थाना में आवेदन देकर पत्नी और बच्चे की बरामदगी की गुहार लगाई है. परिवार ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि सोनी देवी या उसके पुत्र के संबंध में कोई जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 6204377922 पर सूचना दें.

ALSO READ: पलामू: नरसिंहपुर पथरा पंचायत के ग्राम मैरा में नई सड़क का किया गया शिलान्यास
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
मामले को लेकर इचाक थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. महिला और बच्चे की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें खोज निकालने का प्रयास किया जा रहा है. महिला के साथ तीन वर्षीय मासूम बच्चे के भी लापता होने से परिवार की चिंता और बढ़ गई है. हर गुजरते दिन के साथ परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही है और उनकी निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.
