Simdega : जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, सिमडेगा की फुटबॉल टीम ने राज्य स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम गौरवान्वित किया. टीम के मैनेजर समीर प्रभात बाड़ा ने बताया कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया. प्रतियोगिता में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का प्रतिनिधित्व कर रही टीम ने पहले मैच में उत्तरी छोटानागपुर को 3-1 से हराया. दूसरे मुकाबले में कोल्हान प्रमंडल को 4-0, तीसरे मैच में संथाल परगना को 4-0 तथा चौथे मैच में पलामू को 3-0 से पराजित किया.
सिमडेगा ने एक बार फिर दर्ज की ऐतिहासिक जीत
सेमीफाइनल में एक बार फिर पलामू के खिलाफ खेलते हुए टीम ने 13-0 की ऐतिहासिक जीत दर्ज की. फाइनल मुकाबले में कोल्हान प्रमंडल को 4-0 से हराकर टीम राज्य चैंपियन बनीफाइनल में विक्की उरांव को मैन ऑफ द मैच चुना गया. टीम के कप्तान और गोलकीपर निखिल कुमार महतो को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार मिला, जबकि अनीश कुजूर को बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट घोषित किया गया. अनीश ने पूरे टूर्नामेंट में 12 गोल किए, जबकि टीम ने कुल 31 गोल दागे. टीम के साथ प्रशिक्षक अंजलूस कुजूर कोच के रूप में मौजूद रहे. विद्यालय के प्रधानाध्यापक अब्राहम केरकेट्टा ने टीम, मैनेजर और कोच को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने विद्यालय के साथ-साथ पूरे सिमडेगा जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह टीम राष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का गौरव बढ़ाएगी.
Also Read : चाईबासा में सफाई अभियान तेज, उपाध्यक्ष के निर्देश पर नालियों की कराई जा रही सफाई
