SIR-2026: हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर आज और 20 जुलाई को लगेगा विशेष कैंप

Hazaribagh: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने हजारीबाग नगर निगम (शहरी) क्षेत्र के...

SIR-2026
SIR-2026: हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर आज और 20 जुलाई को लगेगा विशेष कैंप

Hazaribagh: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने हजारीबाग नगर निगम (शहरी) क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर 18 जुलाई और 20 जुलाई 2026 को विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है. इन शिविरों का उद्देश्य गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को समयबद्ध और शत-प्रतिशत पूरा करना है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह DC हेमंत सती ने 25-हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा नगर निगम क्षेत्र के सहायक एवं अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को विशेष कैंप के सफल संचालन के निर्देश दिए हैं.

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुलेंगे कैंप

विशेष कैंप दोनों निर्धारित तिथियों को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर संचालित होंगे. प्रत्येक केंद्र पर BLO मौजूद रहेंगे. उनके साथ बीएलओ सुपरवाइजर, हेल्प डेस्क मैनेजर और स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे, जो मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने और उसे भरकर जमा कराने में सहायता करेंगे. प्रशासन ने निर्देश दिया है कि सभी अवशेष गणना प्रपत्रों को मतदाता क्रम के अनुसार व्यवस्थित रखा जाए, ताकि मतदाताओं को प्रपत्र प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके.

दूसरे स्थान पर रहने वाले मतदाता भी ले सकेंगे प्रपत्र

यदि कोई मतदाता किसी कारणवश अपने मतदान केंद्र क्षेत्र से बाहर रह रहा है, तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकता है. प्रशासन ने ऐसे मतदाताओं से भी समय रहते प्रपत्र प्राप्त कर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है. मतदान केंद्रों पर कार्य को तेज और सुचारु बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर बीएलओ सुपरवाइजर और स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है. इनकी जिम्मेदारी बीएलओ को प्रपत्र वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्य में सहयोग देना होगी.

मतदाताओं से सहयोग की अपील

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 18 और 20 जुलाई को आयोजित विशेष कैंपों के माध्यम से सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संग्रहण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा गया है. जिला प्रशासन ने नगर निगम क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर गणना प्रपत्र प्राप्त करें. उसे सही तरीके से भरकर जमा करें और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दें. इससे भविष्य की निर्वाचन प्रक्रिया अधिक सटीक और पारदर्शी बन सकेगी.

ALSO READ: पूर्व रेलवे ने की अहम घोषणा : परीक्षा स्पेशल ट्रेन से लेकर शक्तिपुंज एक्सप्रेस में अतिरिक्त AC कोच

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *