Jamtara: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आम लोगों तक सौर ऊर्जा की सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से ब्लॉक रोड स्थित मेटाज़ सर्विसेज एंड टेक्नोलॉजीस एवं अस्टोविजन करियर सोलूशन्स प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से एक सोलर सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद एवं इलेक्ट्रिक सप्लाई सर्किल के मैनेजिंग डायरेक्टर सरवर खान ने संयुक्त रूप से किया.
सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे विश्वसनीय और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा
इस अवसर पर सरवर खान ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे विश्वसनीय और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा है. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा सोलर पैनल स्थापना पर आकर्षक सब्सिडी दी जा रही है तथा कंपनी की ओर से जीरो डाउन पेमेंट पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आम नागरिकों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है. कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सस्ती सौर ऊर्जा पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि सोलर पैनल लगाने से उपभोक्ताओं का बिजली बिल कम होगा, विद्युत व्यवस्था पर भार घटेगा तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने लोगों से पीएम सूर्य घर पोर्टल पर आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की. कार्यक्रम में जिला डिस्ट्रीब्यूटर ताहिर अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे. अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सरकार एवं निजी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से जामताड़ा में सौर ऊर्जा के उपयोग को नई गति मिलेगी और अधिकाधिक परिवार इस योजना से लाभान्वित होंगे.

AlsoRead:अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट की वित्तीय लड़ाई : HC ने कहा WAQF बोर्ड की शरण में जाए


