Ranchi: राज्य के सरकारी कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है. अब वे राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत रिम्स, रांची में इलाज करा सकेंगे. इसके लिए रिम्स प्रबंधन और बीमा कंपनी टाटा एआईजी के बीच समझौता हुआ है. रिम्स को इस स्वास्थ्य बीमा योजना में इलाज देने वाले अस्पताल के रूप में शामिल किया गया है. समझौते के बाद योजना से जुड़े सरकारी कर्मचारियों को रिम्स में इलाज की सुविधा मिल सकेगी.

एक सप्ताह में शुरू होगी सुविधा
रिम्स प्रबंधन के अनुसार, योजना से जुड़ी बाकी औपचारिकताएं करीब एक सप्ताह में पूरी कर ली जाएंगी. इसके बाद कर्मचारियों को योजना के तहत रिम्स में स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी.
विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज की सुविधा
रिम्स राज्य का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां अलग-अलग बीमारियों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं. बीमा योजना में रिम्स के शामिल होने से सरकारी कर्मचारियों को बेहतर इलाज के लिए सुविधा मिलेगी. समझौते के दौरान रिम्स निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक, अपर चिकित्सा अधीक्षक-सह-योजना के नोडल अधिकारी, टाटा एआईजी के अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के जेएसएएस के पदाधिकारी मौजूद रहे.

