रांची: ध्वनि प्रदूषण की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है. रातू के सिमलिया इलाके में कई बैंक्वेट हॉल का निरीक्षण किया गया और संचालकों को साफ चेतावनी दी गई कि रात 10 बजे के बाद डीजे या तेज आवाज में संगीत नहीं बजाया जाए.
प्रशासनिक टीम ने किया निरीक्षण
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत के नेतृत्व में स्थानीय थाना प्रभारी और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. टीम ने सिमलिया क्षेत्र के पांच बैंक्वेट हॉल की जांच की.
कुछ हॉल में कार्यक्रम, लेकिन ध्वनि प्रदूषण नहीं
निरीक्षण के दौरान दुल्हन बैंक्वेट हॉल और फोकस बैंक्वेट हॉल में कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा था. वहीं विवाह बैंक्वेट हॉल में एक कार्यक्रम जरूर चल रहा था, लेकिन वहां ध्वनि प्रदूषण नहीं पाया गया.
नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई
जांच के बाद सभी बैंक्वेट हॉल संचालकों को निर्देश दिया गया कि रात 10 बजे के बाद डीजे या तेज आवाज में संगीत का इस्तेमाल न करें और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करें. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों के उल्लंघन पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
लोगों से भी नियमों का पालन करने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी कार्यक्रम में ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
