Giridih: इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों में नाराजगी देखी जा रही है. झारखंड छात्र मोर्चा के नेतृत्व में आरके महिला कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने मंत्री सह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा.
कम अंक देकर फेल करने का लगाया आरोप
छात्रों का कहना है कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों में बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद कई विद्यार्थियों को थ्योरी परीक्षा में बेहद कम अंक दिए गए हैं, जिससे वे असफल घोषित हो गए.

छात्रों ने परीक्षा मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी बताते हुए निष्पक्ष जांच और पुनर्मूल्यांकन की मांग की. इस दौरान छात्र नेताओं अभय कुमार और विशाल झा ने कहा कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के परिणाम को लेकर असंतोष है और इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
मंत्री ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
छात्र नेताओं ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग इस मामले में गंभीरता से विचार करेगा और विद्यार्थियों को उचित न्याय मिलेगा. मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने छात्रों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी लेने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया. मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं झारखंड छात्र मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित थे.
