Gumla: गुमला जिला के घाघरा थाना क्षेत्र के एक गांव के एक किशोर और किशोरी ने कीटनाशक दवा खा लिया. इसके बाद स्थिति को देखते हुए परिजनों द्वारा दोनों को गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु किशोरी को रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स पहुंचने से पहले पिस्का मोड़ के समीप किशोरी की मृत्यु हो गई. जबकि उक्त लड़के का इलाज सदर अस्पताल गुमला में किया जा रहा है.
25 मई से लापता थी किशोरी
घटना के संबंध में मृतिका की मां ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि विगत 25 मई को दोपहर में उनकी पुत्री को गांव का ही एक लड़का साथ ले गया था. काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. बीते शुक्रवार को देर शाम उनकी पुत्री सरना टाड़ नामक जगह पर खेती की देखरेख करने के लिए बने रूम में बेहोशी की हालत में पाई गई और उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था. इसके बाद उसे गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. रांची ले जाने के क्रम में पिस्का के समीप उसकी मृत्यु हो गई.

ALSO READ: रांची: SIR मुद्दे पर चर्च लीडरों की आपात बैठक, दिखाई एकजुटता, आगे की रणनीति पर बनी सहमति
उधर उक्त किशोर का इलाज गुमला सदर अस्पताल में किया जा रहा है. मृतिका की मां ने अपने बयान में यह भी बताया है कि उनकी बेटी को उक्त किशोर द्वारा ले जाया गया था. वहीं किशोर ने बताया कि दोनों ने सब्जी में डालने वाले कीटनाशक दवा का सेवन किया था. मृतिका की मां ने यह भी बताया कि जिस समय वह बेहोशी की हालत में अपनी बेटी को पाई, उसके तन पर कपड़ा नहीं था. वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
