Tamar/Ranchi: तमाड़ थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी करने वाले एक ऐसे शातिर खिलाड़ी को गिरफ्तार किया है, जिसने चोरी की दुनिया में भी “डबल गेम” का नया तरीका अपना रखा था. आरोपी सिर्फ दूसरे लोगों के ट्रैक्टर ही नहीं चुराता था, बल्कि अपना ट्रैक्टर बेचने के बाद उसी ट्रैक्टर को दोबारा चोरी कर दूसरे इलाके में बेच देता था. इतना ही नहीं, शक से बचने के लिए वह खुद खरीदार के साथ थाना पहुंचकर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने में भी शामिल हो जाता था. तमाड़ पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए चोरी के दो सोनालिका ट्रैक्टर बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजयगिरी निवासी 26 वर्षीय निकेश कुमार महतो के रूप में हुई है.

अराहांगा से चोरी हुआ ट्रैक्टर, पुलिस ने ऐसे पकड़ा सुराग
बताया गया कि 16 मई 2026 को सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत मुटुदा गांव निवासी सुखराम मुंडा का सोनालिका ट्रैक्टर तमाड़ थाना क्षेत्र के अराहांगा गांव से चोरी हो गया था. शिकायत दर्ज होने के बाद तमाड़ पुलिस ने तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर बाबूरामडीह गांव में छिपाकर रखा गया है. इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया और आरोपी निकेश कुमार महतो को उसके घर से दबोच लिया.
पूछताछ में खुला ‘ट्रैक्टर चोरी सिंडिकेट’ का राज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई सनसनीखेज खुलासे किए. उसने कबूल किया कि वह पहले भी कई ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है. आरोपी ने दिसंबर 2025 में विजयगिरी गांव से एक सोनालिका ट्रैक्टर चोरी कर करीब साढ़े चार लाख रुपये में बेच दिया था. पुलिस ने उस ट्रैक्टर को भी अड़की थाना क्षेत्र के सिंदरी गांव से बरामद कर लिया है.
अपना ट्रैक्टर बेचा… फिर खुद ही करी चोरी
पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब आरोपी ने बताया कि उसने मार्च 2026 में अपना ट्रैक्टर नीमडीह थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति को बेचा था. कुछ दिनों बाद उसने खरीदार के घर के बाहर से वही ट्रैक्टर दोबारा चोरी कर ली और बाद में तमाड़ थाना क्षेत्र के लुंगटू गांव में बेच दिया.
हैरानी की बात यह रही कि जब खरीदार चोरी की शिकायत लेकर थाना पहुंचा, तब ट्रैक्टर का नाम ट्रांसफर नहीं होने के कारण पुलिस ने वास्तविक मालिक को बुलाने को कहा. आरोपी निकेश खुद खरीदार के साथ थाना पहुंचा और चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने में भी शामिल हो गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो.
तीसरे ट्रैक्टर की तलाश में लगातार छापेमारी
फिलहाल पुलिस लुंगटू गांव में बेचे गए ट्रैक्टर की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. पूरी कार्रवाई तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी के नेतृत्व में की गई. पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: शौच के लिए निकली युवती का अपहरण कर दुष्कर्म करने का आरोप, पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी
