Ranchi: रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना को कायरतापूर्ण बतलाते हुए प्रदेश भाजपा ने राज्य की विधि व्यवस्था पर सवाल उठाया है. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य नेताओं ने संघ कार्यालय पहुंचकर मामले का जायजा भी लिया. भाजपा का मानना है कि यह कोई छोटी घटना नहीं है. घटना के पीछे की पूरी साजिश का फर्दाफाश होना आवश्यक है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस हमले को कायरतापूर्ण, निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बतलाया है. घटना की सूचना पर उन्होंने संघ कार्यालय पहुंचकर मामले की विस्तृत जानकारी भी ली.
यह जघन्य अपराध हैः आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह जघन्य अपराध है। अपराधियों का मनोबल राज्य में बढ़ा हुआ है. राजधानी में नाक के नीचे इस प्रकार की घटना बताती है कि अपराधियों को पुलिस प्रशासन का कोई भय नहीं है, वे समानांतर सरकार चला रहे हैं. जब इतने बड़े सामाजिक संस्थान का कार्यालय सुरक्षित नहीं है तो फिर आम लोग कैसे सुरक्षित रह पाएंगे? दशकों से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सेवा और संस्कार के कार्यों में समर्पित संगठन के कार्यालय को निशाना बनाना केवल एक संस्था पर नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और राष्ट्रीय चेतना के मूल्यों पर हमला है. ऐसे कृत्यों के विरुद्ध पूरे समाज को एकजुट होकर खड़ा होना होगा.
लोकतांत्रिक परंपराओं में हिंसा, भय और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं
साहू ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं में हिंसा, भय और अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं है। राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव और जनसेवा के मार्ग पर चलने वाली शक्तियों को डराने या विचलित करने का कोई भी प्रयास कभी सफल नहीं होगा. देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने वाली हर सोच का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से दृढ़ता से मुकाबला किया जाएगा. साहू ने राज्य सरकार एवं प्रशासन से इस मामले में संलिप्त दोषियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा इस घटना के पीछे की पूरी साजिश का पर्दाफाश करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
त्वरित जांच कर पूरे मामले का हो जल्द उद्भेदनः बाबूलाल
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आरएसएस जैसे वैचारिक संगठन के कार्यालय पर इस प्रकार का हमला कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है. यह बड़ी घटना है. इस घटना के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी निष्पक्ष और त्वरित जांच कर पूरे मामले का जल्द उद्भेदन किया जाना आवश्यक है. ऐसे कृत्यों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने रांची एसपी, डीसी एवं डीजीपी से वार्ता कर इस मामले के दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संघ कार्यालय के समीप स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है.
अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी होः कर्मवीर सिंह
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है।. उन्होंने घटना में संलिप्त अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. साथ ही उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए.



