Ranchi : उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक करने से पहले गिरफ्तार किए गए 60 से ज्यादा आरोपियों की जमानत याचिका पर बुधवार को सुनवाई पूरी हो गई है. जिसके बाद रांची सिविल कोर्ट के अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत ने सभी आरोपियों की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है.
पिछली सुनवाई के दौरान पुलिस ने कोर्ट के समक्ष करीब एक हजार पन्नों की केस डायरी प्रस्तुत की थी. केस डायरी में पूरी घटना की विस्तृत जानकारी दी गई. रांची पुलिस ने पिछले महीने हुई उत्पाद सिपाही परीक्षा से पहले धांधली की आशंका के बाद तमाड. में छापेमारी की थी. इस दौरान उत्पाद सिपाही परीक्षा में धांधली करने की योजना बना रहे बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ था. इस कार्रवाई में कुल 164 आरोपियों को हिरासत में लिया गया था. अब तक की जांच में यह बात सामने आयी है कि इस गिरोह में अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद के नाम शामिल हैं. वहीं, 7 महिलाओं की संलिप्तता की पुष्टि हो चुकी है. इस पूरे धांधली के खिलाफ तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
