Newswave Desk: रियलिटी शो की दुनिया में फिलहाल तीन शोज़ की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है. खतरों के खिलाड़ी 15, Playground Season 5 और The Traitors Season 2. तीनों ही शोज़ में फैंस अपने-अपने फेवरेट कंटेस्टेंट्स को जमकर सपोर्ट कर रहे हैं. लेकिन इन तीनों में सबसे ज्यादा चर्चा The Traitors Season 2 की हो रही है. पहले सीजन की कामयाबी के बाद दूसरे सीजन से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं. लेकिन इस बार शो में सिर्फ Traitors को ढूंढने का माइंड गेम नहीं चल रहा, बल्कि फुटेज, ईगो और पॉपुलैरिटी की जंग भी देखने को मिल रही है.

पहले सीजन में कंटेस्टेंट्स का पूरा फोकस Traitors को पहचानने पर रहता था. सभी Innocent खिलाड़ी मिलकर सुराग जोड़ते थे और तर्कों के आधार पर फैसला लेते थे. लेकिन इस बार ऐसा लगता है कि Traitors को पकड़ने से ज्यादा जोर फुटेज और एक-दूसरे को मात देने पर है. इसकी एक बड़ी मिसाल मुनव्वर फारूकी का शो से बाहर होना रहा. कई खिलाड़ियों को उनमें एक मजबूत कॉम्पिटिटर नजर आया और इसी वजह से उन्हें रास्ते से हटाने की कोशिश की गई. यहां तक कि यह भी नजरअंदाज कर दिया गया कि वह Traitor हैं भी या नहीं.
फुटेज की भूख, गेम पर हावी हो रहा ईगो
सीजन 2 में कुछ कंटेस्टेंट्स का ध्यान गेम से ज्यादा अपनी इमेज और स्क्रीन प्रेजेंस पर दिखाई देता है. साहिल सलाथिया जैसे कंटेस्टेंट्स अपने लुक्स और स्टाइल को लेकर भी चर्चा में रहे हैं. ऐसा लगता है कि कुछ खिलाड़ियों के लिए गेम जीतने के साथ-साथ हर फ्रेम में नजर आना भी जरूरी हो गया है. इस सीजन में खिलाड़ियों के बीच क्रेडिट को लेकर भी खींचतान देखने को मिल रही है. हाल ही में पारुल गुलाटी ने क्रिस्टल डिसूजा को Traitor बताया था. उनकी बात पर कई खिलाड़ियों को भरोसा भी था, लेकिन इसके बावजूद पारुल का साथ देने के बजाय कुछ कंटेस्टेंट्स उनके खिलाफ नजर आए. ऐसा लगता है कि खिलाड़ियों के बीच यह डर भी है कि अगर किसी एक कंटेस्टेंट की बात लगातार सही साबित होती रही, तो सारा क्रेडिट उसी के खाते में चला जाएगा. इसी वजह से कई बार Innocent खिलाड़ी अपनी ही टीम के मजबूत खिलाड़ियों के खिलाफ जाते दिखाई देते हैं.
Kullu के बाहर होने से बदला गेम
वहीं, Kullu भी The Traitors Season 2 के गेम से बाहर हो गए हैं. वोटिंग के दौरान Rida Tharana ने अपने मजबूत पॉइंट्स के साथ Kullu के खिलाफ अपनी बात रखी. इसके बाद बाकी खिलाड़ियों ने भी Kullu के खिलाफ वोट किया और आखिरकार उन्हें शो से बाहर होना पड़ा. शो से बाहर होने के बाद Kullu ने यह स्वीकार किया कि वह Traitor थे. Kullu के बाहर होने से यह बात एक बार फिर साफ हो गई कि इस गेम में सिर्फ शक करना ही काफी नहीं है. सही समय पर सही खिलाड़ी को पहचानना और अपनी बात को बाकी कंटेस्टेंट्स के सामने साबित करना भी बेहद जरूरी है.
मल्लिका और शालिनी ने बढ़ाया एंटरटेनमेंट
इस सीजन में मल्लिका शेरावत का अंदाज भी काफी अलग नजर आ रहा है. वह Traitors और Innocent की टेंशन लेने के बजाय अपने बेबाक अंदाज, गॉसिप और मस्ती से शो को एंटरटेन कर रही हैं. खास बात यह है कि उनकी कई ऑब्जर्वेशन बाद में सही भी साबित होती हैं. वहीं शालिनी पासी अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल और अनोखे रिएक्शंस की वजह से लगातार सुर्खियों में हैं. इनके अलावा श्वेता की सुलझी हुई पर्सनालिटी भी शो में अलग रंग जोड़ रही है. The Traitors का दूसरा सीजन पहले सीजन से काफी अलग नजर आ रहा है. इस बार माइंड गेम के साथ-साथ फुटेज, ईगो, पॉपुलैरिटी और आपसी टकराव भी गेम का बड़ा हिस्सा बन चुके हैं.

