Rahul Gandhi’s attack: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 10 दिनों के भीतर चौथी बार हुई बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार किस्तों में ईंधन के दाम बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर चुपचाप डाका डाल रही है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा- “सरकार ईंधन के दाम किस्तों में बढ़ा रही है, ताकि आम लोगों की जेब पर लगातार बोझ पड़ता रहे.” उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से आर्थिक संकट की चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावों में व्यस्त थे और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दाम 8 रुपये तक बढ़ा दिए गए.

यह भी पढ़ें: नौतपा का कहर : 44 डिग्री पर पहुंचा पारा, 6 जिलों में अंगारे जैसी लू, आंधी का डबल अटैक
खरगे ने भी मोदी सरकार को निशाने पर लिया
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में हर बढ़ोतरी घरेलू बजट पर सीधा असर डालती है और इसका प्रभाव पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ता है. खरगे ने आरोप लगाया कि किसान से लेकर छोटे उद्योगों तक हर वर्ग भाजपा सरकार की लूट का बोझ झेल रहा है.
पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल-डीजल के दामों में हो रही बढ़ोतरी
बीते कुछ दिनों में लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. इसके बाद 19 मई को 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई. वहीं 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा किया गया. जानकारों के मुताबिक वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है. लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत पर पड़ सकता है, जिससे खुदरा महंगाई और घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: बंदी के कगार पर HEC, बढ़ता बकाया और सरकार की बेरुखी से ताला लगना तय
