Ranchi: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आगामी छह अगस्त से शुरू होने जा रहा है, जो 12 अगस्त 2026 तक चलेगा. इस मानसून सत्र के दौरान कुल पांच कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं. सत्र के दौरान महत्वपूर्ण विधायी कार्यों के निष्पादन के साथ-साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट भी सदन के पटल पर रखा जाएगा
सात अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट
मानसून सत्र के दौरान सात अगस्त को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी. पांच कार्य दिवसों वाले इस सत्र में राज्य के विकास और नीतिगत विषयों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयकों व मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक
सत्र की शुरुआत से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में बुधवार को एक सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मानसून सत्र के संचालन को सुचारू, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करना रहा. बैठक में सत्र की कार्यवाही के बेहतर संचालन, समय प्रबंधन और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया. सर्वदलीय बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, जेएलकेएम विधायक जयराम महतो, आजसू विधायक निर्मल महतो और लोजपा विधायक जनार्दन पासवान ने भी बैठक में हिस्सा लिया और अपने विचार रखे. बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मानसून सत्र को गरिमापूर्ण और रचनात्मक तरीके से चलाने में सहयोग का आश्वासन दिया.


