कोडरमा: भावी पीढ़ी के निर्माण में प्रधानाचार्यों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण : डॉ. नीरा यादव

Koderma: कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर, झुमरीतिलैया में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय प्रधानाचार्य बैठक का रविवार को गरिमामय वातावरण में समापन हुआ....

Koderma

Koderma:  कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर, झुमरीतिलैया में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय प्रधानाचार्य बैठक का रविवार को गरिमामय वातावरण में समापन हुआ. समापन सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया.

मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं डॉ. नीरा यादव

कार्यक्रम में झारखंड की पूर्व शिक्षा मंत्री एवं कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. इस अवसर पर विद्या विकास समिति, झारखंड के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष नारायण सिंह, सचिव अनुराग सिंह, हजारीबाग विभाग निरीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह तथा जमशेदपुर के सह विभाग प्रमुख बिरेंन नाथ टुडू सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.

शिक्षा की गुणवत्ता और नवाचार पर हुआ मंथन

विद्यालय के प्राचार्य आनंद मोहन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े अनुभवी प्रधानाचार्यों का एक मंच पर एकत्र होकर शिक्षा की गुणवत्ता, नवाचार और संस्कार आधारित शिक्षण पर विचार-विमर्श करना विद्यालय के लिए गौरव का विषय है.

विद्या भारती की विकास यात्रा पर डाला प्रकाश

प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा ने विद्या भारती की कार्ययोजना एवं विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह संगठन वर्षों की साधना, समर्पण और राष्ट्रभावना का परिणाम है. उन्होंने गोरखपुर के प्रथम शिशु मंदिर से प्रारंभ हुई यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह देशव्यापी शिक्षा आंदोलन का स्वरूप ले चुका है.

प्रधानाचार्य समाज और राष्ट्र के निर्माता : डॉ. नीरा यादव

मुख्य अतिथि डॉ. नीरा यादव ने कहा कि प्रधानाचार्य केवल विद्यालय का प्रशासन नहीं संभालते, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं. उन्होंने कहा, “भावी पीढ़ी के निर्माण और समाज को सही दिशा देने में प्रधानाचार्यों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. यह कार्य केवल नौकरी नहीं, बल्कि कठिन साधना और सामाजिक दायित्व है.”

संस्कारयुक्त शिक्षा पर दिया गया जोर

विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के सचिव अनुराग सिंह ने प्रधानाचार्यों से विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त, चरित्रवान एवं राष्ट्रोपयोगी शिक्षा प्रदान करने का आह्वान किया. वहीं विभाग निरीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके आगमन को विद्यालय के लिए सौभाग्य बताया.

प्रधानाचार्यों को स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्र परिषद की ओर से प्रांतभर से आए सभी प्रधानाचार्यों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. परिषद के संयोजक पंकज सिंह के साथ डॉ. मीनाक्षी, अंकित गुप्ता, लखन सिंह, अनिमेश यादव, रितेश सिंह, सूरज सौरव, विकास जैन, विनीत संघई, पंकज शर्मा एवं हर्ष शर्मा सहित अनेक पूर्व छात्र उपस्थित रहे.

विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रधानाचार्य

कार्यक्रम का संचालन धनबाद विभाग के विभाग प्रमुख नीरज लाल ने किया. बैठक में विद्या विकास समिति के पूर्णकालिक कार्यकर्ता अखिलेश कुमार, ओम प्रकाश सिन्हा, रमेश कुमार, विवेक नयन पांडेय, तुलसी कुमार ठाकुर, मनोज भारद्वाज, धनंजय कुमार श्रीवास्तव और प्रवीण कुमार सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से आए प्रधानाचार्यों ने भाग लिया.

आयोजन में सभी की रही सक्रिय भूमिका

बैठक के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति, आचार्यों एवं शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही. समापन अवसर पर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई.

ALSO READ: नशे की तस्करी और अवैध हथियारों पर पलामू पुलिस का ‘डबल एक्शन’, धराया 4 तस्करों का सिंडिकेट

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *