Ranchi: रांची के ताइक्वांडो खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है. रांची जिला ताइक्वांडो संघ की 21 सदस्यीय टीम श्रीनगर में आयोजित इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में हिस्सा लेने पहुंची है. यह प्रतियोगिता 2 जून तक शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जा रही है.

रांची से रवाना हुई टीम में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और प्रबंधन से जुड़े सदस्य शामिल हैं. टीम का नेतृत्व संघ के सचिव मिथलेश कुमार सिंह कर रहे हैं. खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान चंदन कुमार, करमचंद भगत और अनंत नाग चंदन प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहे हैं. वहीं भारती कुमारी, देवाशीष भगत और कुमारी रोमा टीम प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
600 खिलाड़ियों के बीच होगी कड़ी प्रतिस्पर्धा
इस प्रतियोगिता में भारत सहित कई देशों के करीब 600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं. ऐसे में खिलाड़ियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा. रांची की टीम ने प्रतियोगिता से पहले विशेष तैयारी की है और सभी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहित हैं. रांची जिला ताइक्वांडो संघ ने उम्मीद जताई है कि टीम के खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और जिले का नाम रोशन करेंगे.
