Lohardaga: जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बारिश का असर साफ देखा जा रहा है. कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया है, जबकि किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है. मौसम विभाग ने भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.
लगातार बारिश के कारण स्टार कॉलोनी, पतराटोली, न्यू रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया है. जलनिकासी की व्यवस्था कमजोर होने से बारिश का पानी घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई परिवारों का खाद्यान्न, फर्नीचर, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान खराब हो गया. वहीं दुकानों में पानी भरने से व्यापारियों को भी आर्थिक नुकसान हुआ है.
जिला प्रशासन की लोगों से अपील
बारिश का असर यातायात पर भी पड़ा है. शहर की कई सड़कें जलमग्न हैं, जबकि निर्माणाधीन लोहरदगा बाईपास पर कीचड़ और फिसलन के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है और कई जगह जाम की स्थिति भी बनी. मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, जलभराव वाले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है. ग्रामीणों को वज्रपात की आशंका को देखते हुए खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दूसरी ओर, लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है. लगातार बारिश से खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने लगा है, जिससे धान की रोपाई में तेजी आने की उम्मीद है. किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक संतुलित बारिश होती रही तो इस वर्ष अच्छी फसल होने की संभावना है. फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
ALSO READ: सर्विस सेंटर में जमा iPhone नहीं मिला वापस, Apple India को देना होगा नया फोन या 1.46 लाख रुपये
