जामताड़ा : श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा

Jamtara : श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम आने वाले लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के...

Shravani Mela Special

Jamtara : श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम और बाबा बासुकीनाथ धाम आने वाले लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने विशेष रेल सेवाओं का व्यापक इंतजाम किया है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 29 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक जसीडीह, बैद्यनाथ धाम, देवघर, बासुकीनाथ, गोड्डा, जमालपुर, पटना, गोरखपुर और आसनसोल के बीच विशेष मेमू, डेमू, पैसेंजर तथा अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है.

जसीडीह–बैद्यनाथ धाम के बीच रोजाना तीन जोड़ी मेमू स्पेशल

रेलवे के अनुसार श्रावणी मेला भारत के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल है, जहां देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण करने पहुंचते हैं. इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ धाम भी जाते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष अतिरिक्त रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके तथा स्टेशनों पर भीड़ का बेहतर प्रबंधन हो. रेलवे ने जसीडीह और बैद्यनाथ धाम के बीच प्रतिदिन तीन जोड़ी मेमू विशेष ट्रेनों (03501 से 03506) का परिचालन करने का निर्णय लिया है. ये ट्रेनें सुबह, दोपहर और रात में संचालित होंगी तथा जसीडीह और बैद्यनाथ धाम के बीच सत्संग नगर हॉल्ट पर भी रुकेंगी.

  • देवघर–जसीडीह के बीच भी मिलेगी विशेष सेवा

देवघर और जसीडीह के बीच प्रतिदिन एक जोड़ी मेमू स्पेशल (03507/03508) चलाई जाएगी, जिससे दोनों प्रमुख स्टेशनों के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा.

  • जसीडीह–बासुकीनाथ के बीच तीन जोड़ी मेमू स्पेशल

बाबा बैद्यनाथ धाम से बाबा बासुकीनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रतिदिन तीन जोड़ी मेमू विशेष ट्रेनें (03509 से 03516) चलाई जाएंगी. ये ट्रेनें मार्ग के सभी स्टेशनों पर रुकेंगी.

  • बासुकीनाथ–देवघर के बीच सीधी रेल सुविधा

बासुकीनाथ और देवघर के बीच प्रतिदिन एक जोड़ी मेमू स्पेशल (03517/03518) भी संचालित होगी, जिससे दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध रहेगा.

  • जमालपुर और गोड्डा से भी चलेगी विशेष पैसेंजर ट्रेन

रेलवे ने बिहार और संताल परगना क्षेत्र के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार जमालपुर–देवघर (03441/03442) तथा गोड्डा–देवघर (03443/03444) पैसेंजर विशेष ट्रेनों के संचालन का भी निर्णय लिया है. ये ट्रेनें मार्ग के सभी स्टेशनों पर ठहरेंगी.

  • पटना और गोरखपुर के लिए भी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने आसनसोल–पटना–आसनसोल तथा आसनसोल–गोरखपुर–आसनसोल के बीच प्रतिदिन अनारक्षित श्रावणी मेला विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है.

पटना से आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल

03511/03512 आसनसोल–पटना–आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल 29 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन चलेगी. यह ट्रेन आसनसोल से शाम 5 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 2:30 बजे पटना पहुंचेगी, जबकि वापसी में पटना से सुबह 3:30 बजे चलकर दोपहर 1 बजे आसनसोल पहुंचेगी. यह ट्रेन चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और सिमुलतला स्टेशनों पर ठहरेगी.

गोरखपुर से आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल

इसी तरह 03527/03528 आसनसोल–गोरखपुर–आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल भी 29 जुलाई से 30 अगस्त तक प्रतिदिन संचालित होगी. यह ट्रेन आसनसोल से रात 9 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और वापसी में गोरखपुर से शाम 4:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे आसनसोल पहुंचेगी. यह ट्रेन चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर रुकेगी. दोनों ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी के अनारक्षित कोच उपलब्ध रहेंगे.

रेलवे ने बताया कि

रेलवे ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी. तीर्थस्थलों तक पहुंच आसान होगी, स्टेशनों पर भीड़ का दबाव कम होगा और पूरे श्रावणी मेला अवधि में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित की जा सकेगी. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और समय-सारणी की जानकारी प्राप्त करने तथा यात्रा के दौरान रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की है.

Also Read : लोहरदगा में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलजमाव

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *