टोटो चालक ने सन्नाटे में रोका वाहन और महिला से लूट लिए हजारों रुपए

Hazaribagh : शहर में बढ़ती नशाखोरी के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर होती जा रही है. इसी बीच शनिवार को कोर्रा चौक...

Hazaribagh : शहर में बढ़ती नशाखोरी के कारण कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर होती जा रही है. इसी बीच शनिवार को कोर्रा चौक पर एक महिला के साथ सरेआम छिनतई की घटना हुई. महिला गोमिया जाने के लिए बस या गाड़ी पकड़ने हेतु टोटो से कोर्रा चौक जा रही थी. लेकिन टोटो चालक उसे स्टैंड ले जाने के बजाय एक सुनसान इलाके में ले गया और कहा कि गाड़ी यहीं तक जाएगी. जब महिला किराया देने के लिए पर्स से पैसे निकाल रही थी, तभी चालक उसका पर्स छीनकर फरार हो गया. पर्स में करीब ₹5,000–₹6,000 नकद थे. घटना के बाद महिला बदहवास हो गई.

नाबालिग और नशेड़ी टोटो चालकों पर कार्रवाई की मांग

इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए बीजेपी नेता नीरज कुमार गुप्ता ने कहा कि हजारीबाग में युवा और नाबालिग बच्चे तेजी से नशे के जाल में फंस रहे हैं. नशे की लत पूरी करने के लिए वे चोरी, झपटमारी और छिनतई जैसी वारदातों को अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे. उन्होंने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर दिलाया कि शहर में चल रहे कई टोटो नाबालिग या नशे के प्रभाव में वाहन चलाने वाले चालक चला रहे हैं. उनके अनुसार, शहर में बढ़ते सड़क हादसों और ट्रैफिक जाम के पीछे ऐसे अनियंत्रित टोटो चालकों की बड़ी भूमिका है.

बिना लाइसेंस टोटो संचालन पर सख्ती की उठी मांग

भाजपा नेता नीरज कुमार गुप्ता ने जिला प्रशासन और पुलिस से इस गंभीर समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने नाबालिग और बिना लाइसेंस वाले टोटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर वाहनों को सीज करने तथा केवल वैध लाइसेंस धारकों को टोटो चलाने की अनुमति देने की बात कही. साथ ही, जाम की समस्या दूर करने के लिए टोटो का निश्चित रूट चार्ट तय करने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते नशेड़ी और अनियंत्रित चालकों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आम लोगों का सड़कों पर चलना मुश्किल हो जाएगा.

Also Read : दिशा बैठक में स्वास्थ्य, पेयजल और बिजली विभाग को फटकार, विकास कार्यों में पारदर्शिता पर जोर,जनकल्याणकारी योजनाओं की हुई समीक्षा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *