Ranchi: रांची ट्रैफिक पुलिस ने जून महीने में 9.50 करोड़ का रिकॉर्ड चालान काटा है. यह चालान 124144 वाहनों का काटा गया है, जबकि मई महीने में 50 हजार ही चालान काटा था. यह जानकारी ट्रैफिक SP राकेश सिंह ने प्रेस वार्ता में पत्रकारों को दी. उन्होंने बताया कि नो पार्किंग का सबसे अधिक 50500, बिना हेलमेट 58743, पीछे सवारी के बिना हेलमेट 547, ओवर स्पीडिंग 2118, रेडलाइट जंप में 4612 तथा ऑटो के ओवर लोड में 1359, ड्रंक एंड ड्राइव में 99 लोगों का चालान काटा गया है. जबकि 765 लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस ट्रैफिक नियम के उल्लंघन के कारण सस्पेंड किया गया है. इसके अलावा अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए भी चालान काटा गया है.
सिविक सेंस का नहीं करते इसतेमाल
ट्रैफिक एसपी ने कहा कि लोग लगातार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं लोग सिविक सेंस का पालन करें तो चालान से बचा जा सकता है लेकिन लोग इसे अपनी आदत में सुमार नहीं कर रहे हैं. जिसकी वजह से ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है, साथ ही दूसरे लोगों को परेशानी भी होती है. हमारा उद्देश्य लोगों को डराना नहीं बल्कि उन्हें ट्रैफिक नियमों के संबंध में समझाना है.

जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है
ट्रैफिक एसपी ने बताया कि लोगों को जानकारी देने के लिए और ट्रैफिक नियमों को समझने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. विभिन्न चौक-चौराहों पर केवल चालान ही नहीं काटा जाता लोगों को जागरूक भी किया जाता है. जागरूकता के तहत विभिन्न स्कूलों-कॉलेजों में भी ट्रैफिक पुलिस विद्यार्थियों को जागरुक कर रही है.


