Jamtara: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के जामताड़ा स्थित आवास पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें जामताड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के महिला-पुरुष शामिल हुए. कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ लोगों को सम्मानित किया गया, जबकि महिलाओं को साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया. मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आदिवासी समाज को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने लंबे समय तक झारखंड को लूटने का काम किया और अब इसका पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा. उन्होंने आदिवासी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को सजग रहने का आह्वान किया.

फुरकान अंसारी ने SIR को लेकर किया जागरूक
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने आदिवासी समाज को शुभकामनाएं देते हुए SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर लोगों को जागरूक किया. उन्होंने प्रत्येक मतदाता से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की. उन्होंने कहा कि नाम में किसी तरह की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दें.जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि आदिवासी समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने संस्कृति, परंपरा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को संगठित रहने की अपील की. कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही. पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी संस्कृति, एकजुटता और अधिकारों को लेकर उत्साह देखने को मिला.

ALSO READ : कोडरमा: बरियारडीह में नए साप्ताहिक हाट बाजार का शुभारंभ, हजारों ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा


