Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में बच्चों के लापता होने की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं. ताजा मामला धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार बाजार इलाके का है, जहां 12 वर्षीय दो जुड़वां भाई बीते चार दिनों से लापता हैं. परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है.

1 जून की दोपहर से लापता हैं दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, लापता बच्चों के नाम करण शर्मा और अर्जुन शर्मा हैं. दोनों जुड़वां भाई हैं और उनके पिता का नाम विकास शर्मा बताया गया है. परिजनों के मुताबिक, 1 जून 2026 की दोपहर करीब 2 बजे दोनों बच्चे घर से निकले थे, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटे. चार दिन बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई पता नहीं चलने से परिवार बेहद परेशान है.
मां ने धुर्वा थाने में दर्ज कराई सनहा
बच्चों की मां डोली देवी ने धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराते हुए पुलिस से बच्चों को जल्द खोजने की गुहार लगाई है. उन्होंने बताया कि पहले भी दोनों बच्चे कभी-कभी घर से बाहर चले जाते थे, लेकिन एक-दो दिन के भीतर वापस लौट आते थे. इस बार लंबे समय तक घर नहीं लौटने से परिवार की चिंता बढ़ गई है.
रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में की गई तलाश
परिजनों ने बच्चों की तलाश के लिए रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के कई इलाकों में खोजबीन की. परिवार ने अपने स्तर पर हर संभव प्रयास किया, लेकिन दोनों बच्चों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी. परिवार लगातार बच्चों के सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठा है.
पुलिस ने शुरू की जांच और खोजबीन
मामले की जानकारी मिलने के बाद धुर्वा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है और संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को दोनों बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत धुर्वा थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचना दें, ताकि बच्चों को जल्द सकुशल बरामद किया जा सके.
