Ranchi : स्वास्थय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी को जल्द ही झारखंड में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा. इसके साथ ही उन्हें स्वास्थय विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा. बता दें वैभव सूर्यवंशी युवा क्रिकेटर है.
स्वास्थय मंत्री ने वैभव की तारीफ करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम मुकाबला नहीं जीत सकी. लेकिन 15 वर्षीय बल्लेबाज़ ने अपने प्रदर्शन से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है. उन्होंने कहा कि वैभव ने इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों के खिलाफ जिस निडरता और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाज़ी की वह असाधारण प्रतिभा का परिचायक है.
युवा पीढ़ी के लिये प्रेरणा है वैभव
डॉ. अंसारी ने कहा कि वैभव ने न केवल अपने परिवार और बिहार का, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है. उनके मुताबिक, वैभव की सफलता युवा पीढ़ी के लिए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की प्रेरक मिसाल है.
स्वास्थय मंत्री ने बताया कि स्वास्थय विभाग वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थय जागरूकता, फिटनेस, अनुशासित जीवनशैली और सकारात्मक सोच का संदेश पहुंचाएगा. इसी उद्देश्य से उन्हें विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और विश्व क्रिकेट में भारत का परचम लहराएंगे.

ALSO READ : Jharkhand Police: 10 पुलिस पदाधिकारियों को मिला प्रमोशन, आदेश जारी
