Lifestyle Desk: पिछले कुछ सालों में वीगन डाइट (Vegan diet) का चलन तेजी से बढ़ा है. बहुत से लोग इसे बेहतर सेहत, पर्यावरण की सुरक्षा और पशुओं के अधिकारों को ध्यान में रखकर अपना रहे हैं. लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल होता है कि जब वीगन लोग दूध, दही, पनीर, अंडा और मांस नहीं खाते, तो फिर उनकी थाली में क्या होता है? UK की नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) के अनुसार वीगन डाइट पूरी तरह पौधों से मिलने वाले खाद्य पदार्थों पर आधारित होती है. इसमें फल, सब्जियां, दालें, अनाज, बीन्स, मेवे और बीज शामिल होते हैं.
वीगन लोग जानवरों से मिलने वाली किसी भी चीज का सेवन नहीं करते. एक संतुलित वीगन डाइट में रोज अलग-अलग तरह के फल और सब्जियां खाई जाती हैं. इसके अलावा चावल, रोटी, पास्ता, आलू और साबुत अनाज शरीर को ऊर्जा देने का काम करते हैं. प्रोटीन के लिए दाल, राजमा, छोले, सोयाबीन और टोफू जैसे विकल्प लिए जाते हैं.
दूध और डेयरी की जगह क्या लेते हैं?
वीगन लोग दूध और डेयरी उत्पादों की जगह सोया, ओट्स या मटर से बने प्लांट-बेस्ड दूध और योगर्ट का इस्तेमाल करते हैं. ये विकल्प कई बार कैल्शियम और विटामिन से भी फोर्टिफाइड होते हैं. वीगन डाइट में कैल्शियम के लिए ब्रोकली, पत्तागोभी, भिंडी, तिल, टोफू और सूखे मेवे शामिल किए जाते हैं. विटामिन डी के लिए धूप सबसे अच्छा स्रोत माना जाता है. इसके अलावा फोर्टिफाइड फूड और सप्लीमेंट्स भी लिए जा सकते हैं. आयरन की कमी से बचने के लिए दालें, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, मेवे और सूखे फल खाए जाते हैं. साथ ही विटामिन सी युक्त चीजें लेने से आयरन का बेहतर अवशोषण होता है.
विटामिन B12, जो ज्यादातर पशु उत्पादों में पाया जाता है, उसकी कमी को पूरा करने के लिए फोर्टिफाइड फूड या सप्लीमेंट्स की जरूरत पड़ सकती है. वहीं ओमेगा-3 फैटी एसिड के लिए अलसी, चिया सीड्स, अखरोट और भांग के बीज जैसे विकल्प लिए जाते हैं.
क्या ध्यान रखना जरूरी है?
विशेषज्ञों के अनुसार वीगन डाइट तभी फायदेमंद होती है जब इसे सही तरीके से प्लान किया जाए. अगर संतुलित आहार न लिया जाए तो कैल्शियम, आयरन, विटामिन B12, आयोडीन और सेलेनियम जैसे पोषक तत्वों की कमी हो सकती है.
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह न माना जाए. किसी भी नई डाइट या बदलाव से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.



