Giridih: डुमरी थाना क्षेत्र में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक को सफेद इनोवा में बैठाकर ले जा रहे लोगों को ग्रामीणों ने अपहरणकर्ता समझ लिया. ग्रामीणों ने बाइक से वाहन का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी. बाद में तोपचांची के पास पुलिस ने फिल्मी अंदाज में वाहन को घेरकर रिवाल्वर तानते हुए रोक लिया. जांच के बाद पता चला कि युवक को तेलंगाना नारकोटिक्स विंग की टीम गांजा तस्करी के मामले में हिरासत में लेकर जा रही थी.
बेरमो मोड़ से हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, तेलंगाना नारकोटिक्स विंग की टीम ने 27 जून को डुमरी थाना क्षेत्र के बेरमो मोड़ से तांबागुडियो निवासी सत्यम मिश्रा को गिरफ्तार किया. उस पर डुमरी और आसपास के इलाकों से भारतीय डाक की स्पीड पोस्ट के माध्यम से तेलंगाना, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों में गांजा की सप्लाई करने का आरोप है.

पहले गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पहुंची टीम
बताया गया कि नारकोटिक्स टीम ने पहले इस गिरोह से जुड़े एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया था. उसी की निशानदेही पर सत्यम मिश्रा तक पहुंचा गया. टीम युवक को वाहन में बैठाकर निमियाघाट की ओर लेकर जा रही थी, तभी स्थानीय लोगों को अपहरण की आशंका हुई. सूचना मिलते ही कुछ युवकों ने बाइक से इनोवा का पीछा शुरू कर दिया और डुमरी थाना को भी सूचना दी.
Read Also: ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत घर से भाग रहे 4 नाबालिग बच्चों को RPF ने पकड़ा
तोपचांची में पुलिस ने की घेराबंदी
सूचना के आधार पर निमियाघाट पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन नहीं रुका. इसके बाद तोपचांची के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर फिल्मी अंदाज में वाहन को रुकवाया और हथियार के बल पर स्थिति को नियंत्रित किया. जांच में पुष्टि होने के बाद वाहन और हिरासत में लिए गए युवक को निमियाघाट पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. डुमरी के एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि तेलंगाना नारकोटिक्स विंग की टीम ने सत्यम मिश्रा को गांजा तस्करी के आरोप में पकड़ा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई संबंधित एजेंसी द्वारा की जा रही है.


