Ranchi: जिले में चल रहे प्री SIR अभियान को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त मोड में आ गया है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने साफ कहा है कि मतदाता सत्यापन कार्य में लापरवाही बरतने वाले BLO के खिलाफ कार्रवाई तय है. समाहरणालय में हुई समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी सात विधानसभा क्षेत्रों— 58-तमाड़, 61-सिल्ली, 62-खिजरी, 63-रांची, 64-हटिया, 65-कांके और 66-माण्डर में चल रहे प्री SIR कार्यों की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होनी चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाए. बैठक में कमजोर प्रदर्शन करने वाले BLO को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. वहीं जो शिक्षक BLO की जिम्मेदारी निभा रहे हैं लेकिन रिपोर्टिंग नहीं कर रहे, उनके शहर से तबादले तक की चेतावनी दी गई.
यह भी पढ़ें: झारखंड आदिवासी कांग्रेस में बड़ा विस्तार, कई वरिष्ठ नेताओं को मिली नई जिम्मेदारी

अब बीमारी का नहीं चलेगा बहाना, मेडिकल बोर्ड होगी गठित
प्रशासन ने बीमारी का बहाना बनाकर काम से बचने वाले BLO पर भी सख्ती दिखाई है. उपायुक्त ने जिलास्तरीय मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश देते हुए कहा कि वास्तविक रूप से बीमार कर्मियों और काम से बचने वालों की अलग-अलग पहचान की जाएगी. घर-घर सत्यापन और हर मकान पर स्टीकर लगाने के अभियान को तेज करने के निर्देश भी दिए गए. नोशनल हाउस नंबरिंग कार्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही मतदाता जानकारी दर्ज करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके साथ ही जिले के सभी पंचायत भवनों में वर्ष 2003 की मतदाता सूची प्रकाशित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि लोग आसानी से अपना नाम खोज सकें और मैपिंग कार्य में सहयोग मिल सके.

यह भी पढ़ें: भाजपा पहले अपना चेहरा देखे, फिर कांग्रेस पर उंगली उठाए : सोनाल शांति
