Gumla: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत 8 अगस्त 2026 को गुमला जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया गया. यह शिविर 9 अगस्त 2026 को भी लगाया जाएगा. शिविर के माध्यम से नागरिकों को प्रारूप मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम जांचने तथा नाम छूटने या त्रुटि होने पर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.

उपायुक्त ने बसिया प्रखंड के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिलेश्वर महत्तो ने बसिया प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 242, 243, 237, 239, 238 सहित अन्य बूथों पर चल रहे विशेष शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रारूप मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की समीक्षा की.

BLO से ली आवेदनों और सुविधाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित बीएलओ और संबंधित कर्मियों से शिविर में प्राप्त हो रहे आवेदनों तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर का आयोजन व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से किया जाए तथा नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित स्पष्ट जानकारी दी जाए.

दावा-आपत्ति प्रक्रिया समय पर पूरी करने के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि मतदान केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को निर्धारित प्रपत्र उपलब्ध कराया जाए और दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी दी जाए. उन्होंने प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया.
5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा-आपत्ति का अवसर
उपायुक्त ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में नाम जांचने और दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक निर्धारित है. जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल नहीं है, वे प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा भी करा सकेंगे नाम दर्ज
उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे भी प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं. वहीं वर्तमान पते पर स्थानांतरित हो चुके मतदाता प्रपत्र-8 के माध्यम से नाम स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकते हैं.
सभी पात्र नागरिकों से शिविर में पहुंचने की अपील
उपायुक्त ने कहा कि विशेष शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची सत्यापन, पंजीकरण और सुधार की सुविधा उपलब्ध कराना है. उन्होंने सभी नागरिकों से 8 और 9 अगस्त को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम जांचने और आवश्यकता होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील की.
ALSO READ: चाईबासा: जोमरो में वन महोत्सव का आयोजन, ग्रामीणों ने लिया जंगल बचाने का संकल्प

