RANCHI: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झामुमो के नारीवाद को चुनिंदा बताते हुए पलटवार किया है. उन्होंने झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है.
प्रतुल शाहदेव ने राज्यसभा सीटों और परिसीमन को लेकर झामुमो के दावों को भ्रामक बताया. उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन से लोकसभा और विधानसभा की सीटें तो बढ़ती हैं, लेकिन इसका राज्यसभा की सीटों से कोई सीधा संबंध नहीं होता.
उन्होंने झामुमो को अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि 2010 में जब संसद में महिला आरक्षण बिल की प्रति फाड़ी गई थी, तब झामुमो मूकदर्शक बना रहा और विरोध करने का साहस नहीं दिखाया.
झारखंड में कानून व्यवस्था पर सवाल
राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रतुल शाहदेव ने कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में 10,000 से अधिक बलात्कार की घटनाएं हुई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जो सरकार अपने राज्य की बेटियों की सुरक्षा नहीं कर पा रही, वह देश की बेटियों की चिंता करने का ढोंग कर रही है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित 2023 का महिला आरक्षण कानून ऐतिहासिक है. इसे लागू करने के लिए संवैधानिक प्रक्रिया का पालन अनिवार्य है. इसे लोकतंत्र की चोरी कहना संविधान और महिलाओं का अपमान है.
