Giridih: बुधवार को All India Organisation of Chemists and Druggists के आह्वान पर आयोजित एक दिवसीय केमिस्ट बंद का व्यापक असर देखने को मिला. शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अधिकांश मेडिकल दुकानें पूरी तरह बंद रहीं. दवा व्यवसायियों ने नकली दवाओं की बिक्री, नशीली दवाओं के दुरुपयोग और ऑनलाइन दवा कारोबार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया.


सभा में उठी कारोबारियों की चिंता
Chemists and Druggists Association के बैनर तले दवा व्यवसायियों ने मकतपुर स्थित डॉक्टर लाइन में सभा आयोजित की. सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री और बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट दिए जाने से छोटे दवा दुकानदारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं लगाया गया, तो हजारों छोटे व्यवसायियों की रोजी-रोटी प्रभावित होगी.
Also Read: हरमू में महिला पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार
निकाली गई आक्रोश रैली
सभा के बाद दवा व्यवसायियों ने जन आक्रोश रैली निकाली. रैली मकतपुर, टावर चौक समेत शहर के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी. बंद के समर्थन में शहरभर में पोस्टर और बैनर लगाए गए. वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नकली दवाओं और नशीली दवाओं के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई.

सरकार से की कार्रवाई की मांग
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर कड़े नियंत्रण और नकली दवा कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की. हालांकि, बंद के दौरान आवश्यक एवं इमरजेंसी सेवाओं को चालू रखा गया, ताकि मरीजों को परेशानी न हो.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे व्यवसायी
इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव सुजीत कपीसवे, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, मृत्युंजय गुप्ता, मिंटू, अमीरुद्दीन अहमद, प्रमोद कंधवे, विकास चंद्रा, विनय पुरुषोत्तम, अरविंद सिन्हा, रंजीत शर्मा समेत बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी मौजूद रहे.
