Lohardaga: भंडरा थाना क्षेत्र के गडरपो पंचायत अंतर्गत पोडहा तरिंगन टोली में सोमवार सुबह जंगली हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया. जानकारी के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीण दैनिक कार्य के लिए बगीचे की ओर गए थे. इसी दौरान उनकी नजर एक विशालकाय जंगली हाथी पर पड़ी. हाथी को देखते ही ग्रामीण वहां से भागकर गांव पहुंचे और अन्य लोगों को इसकी सूचना दी.
वन विभाग ने जारी की सतर्कता
ग्रामीणों के अनुसार, हाथी फिलहाल पतरा इलाके में घूम रहा है और काफी देर से वहीं मौजूद है. लोगों को आशंका है कि हाथी गांव की ओर बढ़ा तो फसलों, मकानों और लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों से हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, उसे किसी भी तरह से न छेड़ने और उसकी गतिविधियों की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की.

मुखिया ने भी की सावधानी बरतने की अपील
गडरपो पंचायत के मुखिया सुमित उरांव ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, बच्चों और बुजुर्गों को हाथी वाले क्षेत्र में नहीं भेजने तथा हाथी को देखने के लिए भीड़ नहीं लगाने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दें. फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.


