Koderma: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के ग्राम ईंटाय में मंगलवार रात मे आपसी घरेलू विवाद से तंग आकर एक महिला द्वारा जहरीली दवा खाकर आत्महत्या करने का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित महिला की पहचान नंदलाल सिंह की 45 वर्षीय पत्नी संजू देवी के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार घर में किसी बात को लेकर आपसी कलह चल रही थी.
घरेलू कलह से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम
इसी विवाद से गुस्से में आकर संजू देवी ने कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया. दवा खाने के बाद वह घर से कुछ दूरी पर स्थित नदी किनारे चली गई जहां वह बेहोश होकर गिर पड़ी. नदी किनारे महिला को बेहोशी की हालत में देखकर ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई. आनन फानन में ग्रामीणों के सहयोग से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया है. फिलहाल महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है.



