Bokaro : बोकारो जिले के चास स्थित एक निजी अस्पताल में शनिवार सुबह इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया. जानकारी के अनुसार, मृतका चंदनकियारी क्षेत्र की निवासी थी. परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले पेट दर्द की शिकायत पर उसे तेलीडीह रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
कॉपर-टी निकालने के लिए हुआ था ऑपरेशन
परिजनों के अनुसार, जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि महिला के शरीर में गर्भनिरोधक उपकरण कॉपर-टी फंसा हुआ है, जिसे निकालने के लिए ऑपरेशन जरूरी बताया गया। ऑपरेशन के बाद ही महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी.

दूसरे अस्पताल में मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
स्थिति गंभीर होने पर महिला को दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि पहले अस्पताल में ऑपरेशन के बाद इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दो छोटे बच्चों की मां की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच की प्रक्रिया शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. प्रशासन ने कहा है कि शिकायत मिलने पर जांच टीम गठित की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : बोकारो में ऑटो-टोटो जांच अभियान, 87 वाहनों से दो लाख से अधिक जुर्माना वसूला गया


