Ranchi: नगर निगम ने आज शहर के कई इलाकों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, इस दौरान सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन की मापी की गई और सरकारी व सार्वजनिक जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया. नगर निगम की टीम ने हरमू स्थित शनि मंदिर से मुक्तिधाम तक सड़क की मापी की. जांच के दौरान जिन दुकानों द्वारा सड़क और सरकारी जमीन पर सीढ़ियां, शेड तथा अन्य निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था, उन्हें हटाया गया. निगम अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से सड़क चौड़ीकरण का कार्य आसान होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.
लाजपत पथ ओवरब्रिज के पास भी चला अभियान
नगर निगम की टीम ने लाजपत पथ ओवरब्रिज के समीप पंजाबी भवन के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की. यहां सड़क और सार्वजनिक स्थान पर बने करीब पांच अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया, जिससे यातायात सुचारु रखने और आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.

आगे भी जारी रहेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
रांची नगर निगम ने कहा है कि शहर की सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह का अभियान लगातार चलाया जाएगा.
ALSO READ: कोडरमा: राष्ट्र निर्माण का संकल्प, युवा ऊर्जा का उत्सव,डोमचांच में ABVP की भव्य मैराथन
दुकानदारों और नागरिकों से की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों और दुकानदारों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ और सरकारी जमीन पर किसी प्रकार का कब्जा न करें। निगम का उद्देश्य रांची को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और जाम मुक्त शहर बनाना है।


