Koderma: सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सतगावां पुलिस ने गुरुवार को गांगडीह स्थित सीआरपीएफ कैंप के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 26 वाहनों की जांच की, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 6 वाहन चालकों का चालान काटा गया. वाहन जांच अभियान का नेतृत्व एसआई श्रवण राम ने पुलिस बल के साथ किया. जांच के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेज, हेलमेट, सीट बेल्ट समेत अन्य आवश्यक कागजातों की जांच की गई. अचानक शुरू हुए अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई. कई चालक वैकल्पिक रास्तों से निकलने का प्रयास करते भी नजर आए.
पुलिस ने वाहन चालकों दिए जरूरी हिदायत
इस दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को बिना हेलमेट वाहन नहीं चलाने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखने की हिदायत दी.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से इस प्रकार का वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा.

ALSO READ : कोडरमा: राष्ट्र निर्माण का संकल्प, युवा ऊर्जा का उत्सव,डोमचांच में ABVP की भव्य मैराथन


