Koderma: उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के तहत मरकच्चो प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 365, 385, 386 एवं 387 और डोमचांच प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 263,265,323,324,318 एवं 319 का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर चल रहे गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) से कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
BLO App के माध्यम से डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्ति एवं BLO App के माध्यम से किए जा रहे डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर गणना प्रपत्र पहुंचाया जाए तथा प्राप्त प्रपत्रों का शीघ्र, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे. साथ ही उन्होंने अभियान में और अधिक गति लाने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र के वितरण से लेकर डिजिटाइजेशन तक की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न होनी चाहिए.

मतदाताओं से गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के लिए सभी पात्र मतदाता निर्धारित समय-सीमा के भीतर गणना प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं. उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से सभी मतदाताओं तक पहुंच बनाते हुए यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे.
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मरकच्चो हुलास महतो, अंचल अधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मरकच्चो परमेश्वर कुशवाहा, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी डोमचांच भोला पांडेय, अंचल अधिकारी – सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी डोमचांच रविन्द्र पांडेय बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.


