गिरिडीह में युवक की बेरहमी से हत्या, महिला गंभीर रूप से घायल, अपराधियों के आतंक से दहला गांव

Giridih: मधुबन थाना क्षेत्र के छछंदों पंचायत स्थित तिरिलटांड गांव रविवार देर रात खून से लाल हो गया. बेखौफ अपराधियों ने धारदार...

Giridih: मधुबन थाना क्षेत्र के छछंदों पंचायत स्थित तिरिलटांड गांव रविवार देर रात खून से लाल हो गया. बेखौफ अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, तिरिलटांड निवासी 35 वर्षीय पतिया हांसदा पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक जानलेवा हमला बोल दिया. धारदार हथियार से किए गए ताबड़तोड़ वार में पतिया हांसदा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं हमले में परणी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला को आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे.

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस 

सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है तथा सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है. हालांकि देर रात तक अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी थी.

ग्रामीणों ने क्या कहा…

ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है, उससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए है. एक तरफ युवक की हत्या, दूसरी तरफ महिला जिंदगी और मौत से जूझ रही है. तिरिलटांड की यह खूनी वारदात पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. अब लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस हत्या के पीछे कौन है और कब तक हत्यारे सलाखों के पीछे पहुंचते है.

ALSO READ: हजारीबाग: सुल्ताना मदरसा में नौ बच्चों की दस्तारबंदी, हाफिज-ए-कुरआन बनने पर भव्य जलसे का आयोजन

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *