Gumla: शहर के चेटर मैदान में रविवार को क्रिकेट मैच के दौरान हुआ मामूली विवाद अचानक गंभीर रूप ले बैठा. पुलिस के अनुसार, विकास कॉलोनी निवासी बलजीत सिंह की शिकायत पर चेटर निवासी शिवा केरकेट्टा को गिरफ्तार किया गया है.
विवाद के दौरान पिस्तौल निकालने का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मैच के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी. इसी दौरान शिवा केरकेट्टा ने कथित तौर पर कमर से पिस्तौल निकालकर बलजीत सिंह पर जानलेवा हमला करने की नीयत से तीन बार गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश गोली नहीं चल सकी.

Also Read: BREAKING- रांची, दुमका और जमशेदपुर समेत 6 जिलों के 14 बालू घाटों पर खनन कार्य शुरू
खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने दिखाई बहादुरी
घटना के बाद मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके हाथ से पिस्तौल छीन ली. इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
लोडेड पिस्तौल और तीन जिंदा गोलियां बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लोडेड पिस्तौल और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
