Ranchi: झारखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से राजधानी रांची में युवा मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. इस जागरूकता दौड़ में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, कॉलेज युवाओं और विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
मोराबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक जागरूकता दौड़
मैराथन दौड़ मोराबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाली गई. युवाओं ने दौड़ के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का संदेश दिया.

युवाओं और युवतियों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी
कार्यक्रम में युवाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवतियों ने भी हिस्सा लिया. प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था. सभी ने नशामुक्त झारखंड के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया.
खेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान उन्होंने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया और कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी से ही समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त किया जा सकता है.
Read Also: हजारीबाग: दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरा ट्रेलर, चालक वाहन में फंसा
‘Say No To Drugs, Say Yes To Life’ का दिया संदेश
मैराथन में शामिल प्रतिभागी ‘Say No To Drugs, Say Yes To Life’ के संदेश वाली तख्तियां और बैनर लेकर दौड़े. इस दौरान लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की गई.
नशा समाज और परिवार के लिए घातक : निदेशक
खेल विभाग के निदेशक छवि रंजन ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के लिए घातक है. उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया. इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और राज्यभर में नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था.


