Koderma: युवा राजद का युवा चौपाल कार्यक्रम सांस्कृतिक भवन डोमचांच में सम्पन्न हुआ. जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज रजक ने की, जबकि संचालन रघु कुमार ने किया. युवा चौपाल कार्यक्रम में युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव और प्रदेश युवा उपाध्यक्ष क्षितिज मिश्रा मुख्य रूप से शामिल हुए और प्रदेश में युवाओं के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की.


युवाओं और शिक्षा के मुद्दों पर भाजपा को घेरा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजद के मखदुमपुर के पूर्व विधायक सतीश दास ने कहा कि आरएसएस-भाजपा की नीतियों ने देश के युवाओं को कुंठित किया है. उन्होंने कहा कि मौजूदा वक्त में केंद्र सरकार युवाओं के मुद्दों पर खामोश हो गई है. युवाओं को देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे लोग कॉकरोच की संज्ञा दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने गरीबों को शिक्षा से दूर कर दिया है, जिसके कारण देशभर के युवाओं में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है.
उन्होंने कहा कि कोडरमा में भी छात्र आंदोलनरत हैं और युवा राजद को मजबूती के साथ अन्याय और शोषण के खिलाफ युवाओं को संगठित कर छात्र-युवाओं के मुद्दों पर सड़क पर उतरने की जरूरत है.
मुख्य अतिथि कोडरमा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा ने माइका/ढिबरा को मिनरल्स से मेजर में शामिल कर ढिबरा व्यवसाय और आमजनमानस के पेट पर लात मारने का काम किया है. वहीं पत्थर व्यवसाय को लेकर भी भाजपा के लोगों ने खदान व्यवसायियों के पीठ में छुरा घोंपने का काम किया है.
युवा राजद को गांव-गांव तक मजबूत करने का संकल्प
जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि कोडरमा सांसद और विधायक ने स्थानीय मुद्दों पर जनता को वर्षों से गुमराह किया है. वहीं राजद जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने युवाओं से गांव-गांव तक युवा राजद को मजबूत करने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में डॉ. जावेद अख्तर, रामबचन यादव, मो. मुबारक, परवेज खान, बबन मेहता, नेपाली मेहता, नप उपाध्यक्ष मनोहर कुमार “बाबू राम”, विजय यादव, दीपक यादव, संतोष चंदवंशी, रघुनाथ दास, मो. इकबाल, यमुना यादव समेत कई लोग मौजूद थे.
