Newswave Desk: भारत और चीन के रिश्तों में एक बार फिर सुधार के संकेत नजर आ रहे हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने 25 अगस्त को चीन में विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात की. इस दौरान दोनों देशों के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर शांति और स्थिरता बनाए रखने के साथ सीमा विवाद से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई.

सीमा पर शांति बनाए रखने पर जोर
बैठक में दोनों देशों ने सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के तरीकों पर चर्चा की. अजीत डोभाल ने कहा कि भारत और चीन के रिश्तों में सुधार की बड़ी वजह सीमा पर शांति बनाए रखना है. बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास के मुताबिक, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई सकारात्मक प्रगति की भी समीक्षा की. यह प्रगति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच हुई बातचीत और उनके निर्देशों के अनुरूप है.
अरुणाचल प्रदेश का मुद्दा भी उठा, कैलाश मानसरोवर यात्रा और व्यापार पर भी चर्चा
बैठक में अरुणाचल प्रदेश और सीमा विवाद से जुड़े मतभेदों पर भी चर्चा हुई. डोभाल ने कहा कि दोनों देशों को सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के प्रयासों को और मजबूत करना होगा. चीन अरुणाचल प्रदेश पर अपना दावा करता रहा है और इसे दक्षिण तिब्बत का हिस्सा बताता है. वहीं, भारत लगातार चीन के इस दावे को खारिज करता रहा है. डोभाल ने दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की दिशा में हुई प्रगति का भी जिक्र किया. उन्होंने नाथू ला के रास्ते कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू होने और तीन दर्रों के जरिए पारंपरिक सीमा व्यापार बहाल होने को अहम बताया. इससे दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को फायदा होने की उम्मीद है.
चीन ने भी सहयोग बढ़ाने की बात कही
चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, वांग यी ने सीमा से जुड़े मामलों पर सकारात्मक बातचीत जारी रखने और शांति व सहयोग को प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने कहा कि दोनों देशों को एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने और सीमा विवाद को उचित तरीके से संभालने की कोशिश करनी चाहिए. डोभाल का यह चीन दौरा ऐसे समय हुआ है जब BRICS शिखर सम्मेलन के लिए चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की संभावित भारत यात्रा की चर्चा चल रही है. ऐसे में इस बैठक को दोनों देशों के रिश्तों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ALSO READ: तारिक रहमान का भारत दौरा टला, शेख हसीना के प्रत्यर्पण पर अटका पेंच

