Koderma: जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपचो पंचायत के डूबे राणा के मंझले पुत्र 26 वर्षीय सूरज राणा का मंगलवार को ग्रामीणों के सहयोग से पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पिपचो पहुंचा. शव पहुंचते ही परिजनों में मातम पसर गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जानकारी के अनुसार सूरज राणा मुंबई के अंधेरी में रहकर फर्नीचर का काम करते थे. रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

ग्रामीणों ने आर्थिक मदद जुटाकर गांव पहुंचाया शव
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मुंबई से पार्थिव शरीर को गांव लाना मुश्किल था. इसके बाद ग्रामीणों ने आगे बढ़कर सहयोग किया और आर्थिक मदद जुटाकर सूरज राणा के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पिपचो पहुंचाया. मंगलवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा. घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

