Koderma: सीजीएल परीक्षा रद्द होने के बाद बुधवार को डोमचांच प्रखंड मुख्यालय स्थित आपूर्ति कार्यालय में ताला लटका रहा. कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण कार्यालय पूरे दिन बंद रहा. इससे राशन कार्ड सहित अन्य जरूरी कार्यों के लिए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

निराश होकर लौटे लोग
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे से ही दूर-दराज के गांवों से ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आपूर्ति कार्यालय पहुंचे थे. लेकिन कार्यालय के गेट पर ताला लगा देखकर उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा. घंटों इंतजार के बाद भी कोई अधिकारी या कर्मी कार्यालय नहीं पहुंचा.
किराया खर्च कर प्रखंड कार्यालय पहुंचते हैं लोग
ग्रामीणों ने बताया कि वे अपनी रोजी-मजदूरी छोड़कर और किराया खर्च कर प्रखंड कार्यालय पहुंचते हैं. ऐसे में कार्यालय बंद मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जरूरी कामों के लिए दोबारा आने की मजबूरी होती है. ग्रामीणों का आरोप है कि आपूर्ति कार्यालय समय पर नहीं खुलने की शिकायत पहले भी सामने आती रही है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराने की मांग की है. साथ ही दोषी कर्मियों पर कार्रवाई करने और आपूर्ति कार्यालय में नियमित रूप से पदाधिकारी एवं कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सरकारी कामों के लिए बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े.
ALSO READ: गिरिडीह: मिथिलेश यादव हत्याकांड का खुलासा, होटल मालिक समेत दो गिरफ्तार

