Chakradharpur: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर चल रहे 60 दिवसीय मेगा ड्राइव अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा ने मानसिक रोग से पीड़ित एक व्यक्ति की मदद की. प्राधिकार की पहल पर मरीज को बेहतर इलाज के लिए रिनपास, रांची भेजने की व्यवस्था की गई.

लंबे समय से मानसिक बीमारी और नशे की समस्या से जूझ रहा था
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा मोहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में चक्रधरपुर के मुजाहिद नगर वार्ड संख्या-10 निवासी मोहम्मद हैदर को उचित उपचार के लिए रिनपास भेजा गया. जानकारी के अनुसार, हैदर लंबे समय से मानसिक बीमारी और नशे की समस्या से जूझ रहा था. मानसिक स्थिति बिगड़ने के कारण वह कई बार उग्र हो जाता था. बताया गया कि उसने एक बार अपने घर में आग भी लगा दी थी. उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिससे परिवार के साथ-साथ आसपास के लोग भी चिंतित रहते थे.
आर्थिक स्थिति कमजोर, मां करती हैं मजदूरी
हैदर की मां गरीब विधवा हैं और दूसरों के घरों में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति और हैदर की गंभीर मानसिक स्थिति को देखते हुए प्राधिकार की अधिकार मित्र श्वेता रवानी और अलकमा रूही ने मामले का त्वरित संज्ञान लिया. दोनों ने इसकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव को दी. इसके बाद मरीज के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई.
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रिनपास भेजा
सचिव के निर्देश पर चक्रधरपुर की अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, एसडीपीओ चक्रधरपुर, सिविल सर्जन चाईबासा डॉ. जुझार मांझी, चक्रधरपुर थाना प्रभारी और डीएलएसए के सहायक मोहम्मद नदीम के साथ समन्वय स्थापित किया गया. सभी के सहयोग से मोहम्मद हैदर को बेहतर स्वास्थ्य लाभ के लिए रिनपास, रांची भेजने की व्यवस्था की गई.
जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने की पहल
विधिक सेवा प्राधिकार की इस पहल से मानसिक रूप से पीड़ित और आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. अभियान के तहत जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता के साथ आवश्यक सामाजिक और स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
ALSO READ: हजारीबाग में खेल महोत्सव का जोश, 2000 से ज्यादा लोगों के साथ निकला भव्य मशाल जुलूस; राष्ट्रीय खिलाड़ियों ने थामी ओलंपिक मशाल

