जिले के उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को लावालौंग प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक और आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली.
छात्राओं को वैज्ञानिक सोच विकसित करने की मिली प्रेरणा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कक्षा 10वीं की छात्राओं के साथ विज्ञान विषय पर चर्चा की और उन्हें विशेष विज्ञान कक्षा भी दी. उन्होंने छात्राओं को वैज्ञानिक सोच विकसित करने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया. उपायुक्त ने विद्यालय के साइंस लैब, स्मार्ट क्लास, रसोईघर, चिल्ड्रेन पार्क, छात्रावास परिसर सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित व्यवस्था और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन की सराहना की. साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

पर्यटन विकास की संभावनाओं का डीसी ने किया आकलन
विद्यालय निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जिले में पर्यटन विकास की संभावनाओं के मद्देनजर खैबा बंदारू का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों एवं पर्यटन संभावनाओं का आकलन किया। लौटने के दौरान उन्होंने चतरा प्रखंड स्थित मेघालिथ स्थल का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और पर्यटन की दृष्टि से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए. इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा और पर्यटन जिले के समग्र विकास के दो महत्वपूर्ण आधार हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ जिले के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों का विकास कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है.
इनकी रही उपस्थिति
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी लावालौंग बिपिन भारती, जिला जनसंपर्क कार्यालय के सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सह सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर शशिकांत कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.
ALSO READ : जामताड़ा: श्यामपुर मुहर्रम अखाड़ा में पारंपरिक खेल-कौशल का शानदार प्रदर्शन, शिक्षा व एकजुटता का संदेश


