सरायकेला: राशन डीलर पर अनियमितता का आरोप, 450 ग्रामीणों ने किया विरोध

Seraikela: ईचागढ़ के लेपाटॉड़ पंचायत में करीब 400-450 ग्रामीणों ने राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीलर विशु हेंब्रम को...

राशन डीलर पर अनियमितता का आरोप

Seraikela: ईचागढ़ के लेपाटॉड़ पंचायत में करीब 400-450 ग्रामीणों ने राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए डीलर विशु हेंब्रम को हटाने की मांग की. ग्रामीणों का आरोप है कि 20 किलो की जगह 5-10 किलो चावल दिया जाता है.

फिंगरप्रिंट लेकर रसीद फाड़ने की शिकायत

ग्रामीणों ने राशन वितरण में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि डीलर नेटवर्क की समस्या का हवाला देकर दुकान के बाहर ही फिंगरप्रिंट ले लेता है. इसके बाद अगले दिन राशन लेने पहुंचने पर रसीद फाड़ देने और राशन नहीं देने की शिकायत की गई. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों को शराब और मुर्गा खिलाने के बाद तुरंत राशन उपलब्ध कराया जाता है.

डीलर की दुकान पर मिला चावल और गेहूं का स्टॉक

ग्रामीणों ने पाटपुर मध्य विद्यालय परिसर में बैठक की. इसके बाद महिलाएं और पुरुष हाथों में बैग-झोला लेकर राशन लेने के लिए डीलर की दुकान पहुंचे. जांच के दौरान दुकान पर करीब 25 बोरे चावल और 6 बोरे गेहूं मौजूद होने की बात सामने आई. ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि 200 से अधिक कार्डधारियों के बीच राशन का वितरण कैसे और कब पूरा होगा.

JLKM नेता तरुण महतो के सामने डीलर ने मानी गलती

मामले की जानकारी मिलने के बाद JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष और ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने उनके सामने राशन वितरण से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं. इस दौरान डीलर ने अपनी गलती स्वीकार की. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर 10 दिनों के भीतर सभी उपभोक्ताओं को बकाया राशन नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

ALSO READ: हजारीबाग में 21 ट्रकों से मिले 308 पशु, 17 भैंस के बच्चों की मौत; खटालों की बदहाली पर सवाल

6 नवंबर तक समाधान नहीं तो बड़े आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बकाया राशन उपलब्ध कराने और राशन व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि अगर आगामी 6 नवंबर तक समस्या का समाधान नहीं हुआ तो राज्य सरकार को लिखित आवेदन दिया जाएगा. साथ ही ईचागढ़ प्रखंड कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी भी दी गई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *