Hazaribagh: तीन दिवसीय खेल महोत्सव के आयोजन को लेकर मंगलवार की शाम हजारीबाग में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया. वीर कुंवर सिंह स्टेडियम से निकली रैली में दो हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया. विभिन्न खेलों के 12 राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने पूरे रास्ते ओलंपिक मशाल थामकर लोगों में खेल के प्रति उत्साह और जागरूकता का संदेश दिया.

डीएसओ ने प्रज्वलित की ओलंपिक मशाल
वीर कुंवर सिंह स्टेडियम से जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम ने ओलंपिक मशाल प्रज्वलित की. इसके बाद खिलाड़ियों और विभिन्न खेल संघों से जुड़े पदाधिकारियों को जुलूस के लिए रवाना किया गया. जुलूस की शुरुआत ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा और मेयर अरविंद कुमार राणा ने कोर कमेटी के 11 सदस्यों के साथ की.
शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरी मशाल रैली
मशाल जुलूस सरकारी बस स्टैंड रोड से होते हुए जिला परिषद चौक, कचहरी रोड, जीजीएस रोड, मेन रोड, झंडा चौक, मालवीय मार्ग, बड़ा बाजार और गाड़ीखाना पहुंचा. इसके बाद रैली वापस स्टेडियम पहुंचकर समाप्त हुई. पूरे मार्ग में लोगों ने खिलाड़ियों और मशाल जुलूस का उत्साहपूर्वक स्वागत किया.
बच्चों का बैंड और खिलाड़ियों की वेशभूषा बनी आकर्षण
जुलूस में बच्चों का बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. जिले के विभिन्न खेल संघों से जुड़े खिलाड़ी अपने-अपने ड्रेस कोड में शामिल हुए. आयोजन समिति के सदस्यों की विशेष वेशभूषा ने भी रैली की भव्यता बढ़ाई. बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और शहरवासियों की भागीदारी से पूरा माहौल खेलमय नजर आया.
29 से 31 अगस्त तक होगा खेल महोत्सव
उपायुक्त हेमंत सती की पहल और मार्गदर्शन में पहली बार हजारीबाग प्रमंडलीय मुख्यालय में तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. यह महोत्सव 29, 30 और 31 अगस्त 2026 को बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम, कर्जन ग्राउंड हजारीबाग में आयोजित होगा. इसमें हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद के 1200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.
खिलाड़ियों के रहने-खाने और आवागमन की व्यवस्था
खेल महोत्सव में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के रहने और खाने-पीने की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की गई है. खिलाड़ियों के आवागमन के लिए भी वाहनों की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी. प्रतियोगिता में फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, खो-खो, तीरंदाजी और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी.
युवाओं को खेल से जोड़ना मुख्य उद्देश्य
आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और हजारीबाग को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है. मंगलवार को निकाले गए मशाल जुलूस के माध्यम से शहरवासियों को भी खेल महोत्सव से जोड़ने का प्रयास किया गया. विशाल जनभागीदारी ने आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल बना दिया.
पुरस्कार वितरण के साथ होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
खेल महोत्सव के अंतिम दिन विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा. प्रशासन और आयोजन समिति को उम्मीद है कि यह महोत्सव जिले के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ हजारीबाग में खेल संस्कृति को और मजबूत करेगा.
ALSO READ: ईद-उल-मिलाद-उन-नबी पर DC-SP ने संभाला मोर्चा, गिरिडीह में निकाला फ्लैग मार्च; सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

