135th edition of ‘Mann Ki Baat’: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 135वें संस्करण में नागालैंड में युवाओं और बच्चों को फुटबॉल से जोड़ने के लिए आयोजित की जा रही दो लीगों की सराहना की. इसके साथ ही उन्होंने अहमदाबाद में आयोजित पहली विश्व योगासन चैम्पियनशिप में भारत के शानदार प्रदर्शन का भी उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि भारत में भी करोड़ों लोगों ने अलग-अलग स्थानों पर योग कार्यक्रमों में भाग लिया. उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में आयोजित पहली विश्व योगासन चैम्पियनशिप की भी काफी चर्चा रही. इस प्रतियोगिता में भारत ने कुल 114 पदक अपने नाम किए, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल रहे. इसी प्रदर्शन के दम पर भारत पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा.
यह भी पढ़ें: CCL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : 27 वरिष्ठ माइनिंग अधिकारियों का तबादला, खनन संचालन को रफ्तार देने की तैयारी

‘नागालैंड बेबी लीग’ की पीएम ने की तारीफ
प्रधानमंत्री ने नागालैंड में बच्चों को फुटबॉल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाली ‘नागालैंड बेबी लीग’ की तारीफ की. उन्होंने कहा कि ‘नागालैंड बेबी लीग’ नाम सुनकर आपको लग सकता है कि यह बहुत छोटे बच्चों की कोई साधारण लीग होगी, लेकिन ऐसा नहीं है. यह 5 से 10-12 साल तक के बच्चों की एक असाधारण फुटबॉल लीग है, जो उनकी प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती है और उनकी पहचान भी बनाती है.
‘लीग का बच्चों के मन पर सकारात्मक प्रभाव’
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस लीग की शुरुआत नागालैंड के अधिक से अधिक बच्चों को फुटबॉल से जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी. इसमें 5 से 12 वर्ष तक के लड़के और लड़कियां हिस्सा ले सकते हैं. उन्होंने कहा कि लीग ने अपने तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं और इसका बच्चों के मन पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है.
यह भी पढ़ें: फीफा विश्वकप 2026 : अब नॉकआउट राउंड की शुरुआत, ‘राउंड ऑफ 32’ में पहुंचने वाली दिग्गज टीमों का नाम जानिए
‘नागालैंड विमेंस फुटसल लीग’ का भी जिक्र
प्रधानमंत्री ने ‘नागालैंड विमेंस फुटसल लीग’ का जिक्र करते हुए कहा कि कई लोगों के लिए फुटसल नया नाम हो सकता है. उन्होंने बताया कि फुटसल को इंडोर फुटबॉल भी कहा जाता है. इसमें एक टीम में केवल पांच खिलाड़ी होते हैं और इसका मैदान पारंपरिक फुटबॉल मैदान से छोटा होता है. इसी वजह से खिलाड़ियों को तेजी से फैसले लेने पड़ते हैं और अपनी तकनीक व कौशल का बेहतर उपयोग करना होता है. उन्होंने कहा कि “नागालैंड की विमेंस फुटसल लीग हमारी बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर दे रही है.”


